बिहार के सिवान में पटाखों से भरे मकान में भीषण धमाका, 7 लोगों की मौत
बिहार के सिवान जिले के आलमपुर गांव में पटाखों से भरे मकान में आग लगने के बाद कई धमाके हुए। विस्फोट से मकान का अगला हिस्सा ढह गया और मलबा सड़क पर बिखर गया। हादसे में पति-पत्नी समेत सात लोगों की मौत हो गई।


पटाखों के विस्फोट से मकान का आगे का हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया।
Blast in Bihar: बिहार के सिवान जिले के आलमपुर गांव में पटाखों से भरे एक मकान में आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हो गया। जामो थाना क्षेत्र में हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हादसे में पति-पत्नी समेत करीब सात लोगों की मौत हो गई है। हालांकि, मृतकों की संख्या और उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
पटाखों में आग लगने के बाद शुरू हुआ धमाकों का सिलसिला
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आलमपुर गांव निवासी मो. अमीरुद्दीन मियां के मकान में पटाखे रखे हुए थे। उन्हें पटाखों के कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है। इसी मकान में पटाखों में आग लगने के बाद एक के बाद एक विस्फोट होने लगे। धमाकों की आवाज करीब डेढ़ से दो घंटे तक रुक-रुककर सुनाई देती रही। लगातार हो रहे विस्फोटों के कारण आसपास के लोग दहशत में आ गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
विस्फोट से मकान का अगला हिस्सा ढहा
बता दें, धमाका इतना तेज था कि मकान का अगला हिस्सा ढह गया और उसका मलबा सड़क पर बिखर गया। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। विस्फोट की तीव्रता से मकान को भारी नुकसान पहुंचा है। मलबे और विस्फोट से हुए नुकसान के कारण राहत कार्यों के साथ मृतकों की पहचान करना भी मुश्किल है।
पति-पत्नी समेत सात लोगों की मौत की सूचना
सूत्रों के मुताबिक, इस हादसे में करीब सात लोगों की मौत हुई है। मृतकों में पति-पत्नी भी शामिल है। फिलहाल, मकान में आग लगने की सटीक वजह स्पष्ट नहीं है। यह भी विस्तृत रूप से सामने आना बाकी है। घटना से जुड़े तथ्यों, नुकसान और हताहतों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
सिवान की इस घटना ने पटाखों के सुरक्षित भंडारण और आवासीय इलाकों में संभावित जोखिमों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।



