चांगलांग में उग्रवादियों ने जवानों को बनाया निशाना, एक शहीद; 4 घायल
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग में भारत-म्यांमार सीमा के पास असम राइफल्स के गश्ती दल पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला किया। फायरिंग में 42 वर्षीय हवलदार जानखोकाई कुकी शहीद हो गए, जबकि चार जवान घायल हैं। शुरुआती जांच में NSCN-K-YA पर आशंका जताई गई है।

म्यांमार बॉर्डर के पास उग्रवादी हमला
Attack on India-Myanmar border: अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह असम राइफल्स के गश्ती दल पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया। नामपोंग सर्कल में नामपोंग नाले के पास करीब 6:30 बजे हुई फायरिंग में 42 वर्षीय हवलदार जानखोकाई कुकी शहीद हो गए, जबकि चार अन्य जवान घायल हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
गश्त के दौरान जवानों पर बरसीं गोलियां
जानकारी के मुताबिक, 21 असम राइफल्स के जवान सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे संदिग्ध हमलावरों ने गश्ती दल पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद हमलावर जंगल की ओर भाग गए। घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
जंगलों में हमलावरों की तलाश
बता दें, हमले के तुरंत बाद भारतीय सेना और स्थानीय पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। सुरक्षा बल जंगलों, नालों और सीमा से जुड़े रास्तों पर तलाशी अभियान चला रहे हैं। जांच एजेंसियां हमलावरों के आने और भागने के संभावित रास्तों की भी पड़ताल कर रही हैं।
NSCN-K-YA पर जताई गई आशंका
प्रारंभिक जांच और खुफिया इनपुट के आधार पर हमले में NSCN-K-YA यानी नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड के युंग आंग गुट की भूमिका की आशंका जताई गई है। हालांकि, अभी किसी संगठन की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां अलग-अलग इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही हैं।
सीमा पर पहले से चल रहा बाड़ लगाने का काम
चांगलांग का भारत-म्यांमार सीमा क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। इलाके में घने जंगल और दुर्गम रास्ते हैं, जबकि सीमा के कुछ हिस्सों में बाड़ लगाने का काम जारी है। सीमा पार सक्रिय उग्रवादी समूहों की गतिविधियों के चलते यहां सुरक्षा बलों की निगरानी लगातार बनी रहती है।
पुलिस ने शुरू की जांच
चांगलांग के पुलिस अधीक्षक किर्ली पाडू ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने थाना प्रभारी को घटनाक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान का पता लगाने में जुटी हैं।
असम राइफल्स ने शहीद जवान को दी श्रद्धांजलि
वहीं, असम राइफल्स ने हवलदार जानखोकाई कुकी को श्रद्धांजलि दी। बल की ओर से कहा गया कि जवान ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा समेत अधिकारियों और जवानों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई।




