दमोह में 10 दिन से लापता 10 वर्षीय बच्चे का खेत में मिला शव, गर्दन धड़ से अलग मिलने से मचा हड़कंप
दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र के गुड़ा ग्राम बीजा डोंगरी में 10 दिन से लापता 10 वर्षीय अभिषेक अहिरवार का शव एक खेत में मिला। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया।


10 दिन से लापता 10 वर्षीय बच्चे का शव खेत में मिला।
Damoh News: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र में एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। गुड़ा ग्राम बीजा डोंगरी में सोमवार दोपहर अभिषेक अहिरवार का शव गांव के एक खेत में मिला। बच्चा पिछले करीब 10 दिनों से लापता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
10 दिन से तलाश कर रहे थे परिजन
जानकारी के अनुसार, अभिषेक अहिरवार पिछले करीब 10 दिनों से लापता था। उसके अचानक गायब होने के बाद परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे थे। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार दोपहर गांव के एक खेत में बच्चे का शव दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। गर्दन धड़ से अलग होने की हालत में शव मिला।
दमोह जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया शव
बता दें, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू की। देर रात बच्चे के शव को दमोह जिला अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया। पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
मौत के पीछे की वजह जानने में जुटी पुलिस
10 दिन से लापता बच्चे का शव मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्चे की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह खेत तक कैसे पहुंचा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


