दमोह में मंदिर जा रही बुजुर्ग महिला पर सांड का हमला, सिर में आई गंभीर चोट
दमोह में सोमवार रात बड़ी देवी मंदिर जा रही 61 वर्षीय हीराबाई पटेल पर आवारा सांड ने हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट और अधिक खून बहने के कारण उन्हें जिला अस्पताल से जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

घायल महिला को अस्पताल में कराया गया भर्ती
Damoh News: दमोह शहर में आवारा पशुओं की समस्या एक बार फिर चिंता का कारण बनी है। सोमवार रात परिवार के साथ बड़ी देवी मंदिर जा रही 61 वर्षीय हीराबाई पटेल पर सांड ने हमला कर दिया। हादसे में महिला के सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मंदिर जाते समय अचानक हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, घायल महिला की पहचान सेमरपटी गांव की हीराबाई पटेल के रूप में हुई है। वह सोमवार रात अपने परिवार के साथ बड़ी देवी मंदिर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। महिला की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने आगे के इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया।
जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
डॉक्टर चक्रेश चौधरी ने बताया कि महिला के सिर में गंभीर चोट आई थी और काफी खून बह रहा था। वह बेहोश थीं, इसलिए शुरुआती उपचार के बाद उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
दो दिन पहले भी सांड के हमले में घायल हुआ था युवक
दमोह में आवारा सांड के हमले की यह पहली घटना नहीं है। दो दिन पहले कछियाना मोहल्ले में देवी पंडाल के पास एक बाइक सवार युवक पर भी सामने से आ रहे सांड ने हमला कर दिया था। इस घटना में एक युवक घायल हो गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद शहर में आवारा पशुओं की रोकथाम को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

