सड़क पर दिखे 2 तेंदुए, कार के सामने अचानक आए; जटाशंकर मार्ग पर बढ़ी वन्यजीवों की हलचल
दमोह के पन्ना टाइगर रिजर्व के मड़ियादो बफर जोन में चोरईया घाटी के पास रविवार रात दो वयस्क तेंदुए सड़क पर घूमते दिखाई दिए। कार चालक ने उनका वीडियो बनाया, जो सोमवार को सामने आया।


सड़क पार करता दिखा तेंदुआ।
Leopards Spotted on Road: दमोह जिले में जंगल से गुजरने वाले रास्तों पर वन्यजीवों की मौजूदगी लगातार लोगों का ध्यान खींच रही है। पन्ना टाइगर रिजर्व के मड़ियादो बफर जोन में चोरईया घाटी के पास रात के समय दो वयस्क तेंदुए सड़क पर टहलते नजर आए। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में वन्यजीवों की आवाजाही एक बार फिर चर्चा में है।
कार के सामने आ गए दोनों तेंदुए
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार रात की है। चोरईया घाटी से गुजर रही एक चार पहिया गाड़ी के सामने अचानक दो तेंदुए आ गए। सड़क पर दोनों जानवरों को एक साथ देखकर वाहन चालक ने उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। सोमवार को यह वीडियो सामने आया, जिसमें दोनों तेंदुए सड़क पर चलते दिखाई दे रहे हैं।
वन विभाग हुआ सतर्क
वनपरिक्षेत्र अधिकारी जेपी मिश्रा ने बताया कि मड़ियादो बफर जोन के जंगलों में बाघ और तेंदुओं की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग निगरानी कर रहा है। साथ ही वन अमला क्षेत्र में लगातार गश्त कर रहा है, ताकि वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
2017 में बफर जोन में शामिल हुआ था मड़ियादो
बता दें, दमोह से जटाशंकर जाने वाले मार्ग पर पहले भी तेंदुए सड़क के आसपास दिखाई देते रहे हैं। मड़ियादो वनपरिक्षेत्र को वर्ष 2017 में पन्ना टाइगर रिजर्व के बफर जोन में शामिल किया गया था। इसके बाद से इस क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है।


