एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, बिस्तर में मिले शव; सोने से पहले खाया था नूडल्स
ग्रेटर नोएडा के नंगला श्रीपदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्य घर में मृत मिले। मृतकों में पति-पत्नी और तीन बच्चे शामिल हैं। परिवार ने रात में नूडल्स खाए थे। पुलिस फूड पॉइजनिंग समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।
एक परिवार के 5 लोगों की मौत
Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के नंगला श्रीपदम गांव में एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शनिवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा गया तो पांचों के शव बिस्तर पर मिले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका फूड पॉइजनिंग की है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
सुबह दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को हुआ शक
बता दें, यह मामला ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीपदम गांव का है। परिवार ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे खाना खाया था और फिर सोने चला गया। परिवार आमतौर पर सुबह जल्दी उठता था, लेकिन शनिवार सुबह काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं हुई।
पड़ोसियों ने घर पहुंचकर दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन वह अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर परिवार के सदस्य बिस्तर पर लेटे दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ाकर घर के अंदर गए।
मृतकों में माता-पिता और तीन बच्चे शामिल
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11) और साक्षत (3), तथा बेटी मिष्टी (7) के रूप में हुई है। पुलिस को पिता और एक बच्चे के शव एक बिस्तर पर, जबकि मां और दो बच्चों के शव दूसरे बिस्तर पर मिले। महेश मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस परिवार के सदस्यों की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
रात में खाए थे नूडल्स
महेश की मां ने बताया कि परिवार ने सोने से पहले नूडल्स खाए थे। शुरुआती जांच में पुलिस को फूड पॉइजनिंग की आशंका है, लेकिन अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि मौतों का संबंध नूडल्स खाने से था। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। घर की रसोई में बर्तन में नूडल्स के अवशेष मिले, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में लिया है। नमूनों को लैब भेजा गया है, ताकि उनकी जांच की जा सके।
फूड पॉइजनिंग और अन्य पहलुओं पर जांच
पुलिस इस मामले में केवल फूड पॉइजनिंग ही नहीं, बल्कि अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। आत्महत्या की आशंका समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिवार के पांचों सदस्यों की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच में जुटी है।




.jpg&w=3840&q=75)