दमोह में भैंस चोरों का पीछा कर ग्रामीणों ने पकड़े 7 आरोपी, भागते समय पुलिया से नीचे गिरी कार
दमोह के दोनी गांव में भैंस चोरी कर भाग रहे सात आरोपियों को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया। पिकअप से दो भैंस बरामद हुईं। भागने के दौरान आरोपियों के साथ चल रही स्विफ्ट कार पुलिया से नीचे गिर गई। ग्रामीणों ने चार आरोपियों को ढाबे पर पकड़ा, जबकि अन्य कार सवारों को पकड़ लिया।
पिकअप से 2 भैंस बरामद
Damoh Crime News: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में भैंस चोरी कर भाग रहे सात आरोपियों को ग्रामीणों ने पीछा करके पकड़ लिया। घटना तेंदूखेड़ा क्षेत्र के दोनी गांव की है, जहां शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात चोरी की सूचना मिलते ही ग्रामीण सक्रिय हो गए। भागने के दौरान आरोपियों के साथ चल रही स्विफ्ट कार पुलिया से नीचे गिर गई। ग्रामीणों ने कार सवारों को भी पकड़ लिया।
आधी रात को भैंस ले जाने की मिली सूचना
ग्रामीणों के मुताबिक, उनकी चार भैंस शुक्रवार सुबह चरने के लिए गई थीं, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसी बीच रात करीब 3 बजे सूचना मिली कि कुछ लोग दो भैंसों को पिकअप में भरकर ले जा रहे हैं। पिकअप के आगे एक स्विफ्ट कार भी चल रही थी।
जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने संदिग्ध वाहनों का पीछा शुरू कर दिया। पिकअप सवार सीग्रामपुर की दिशा में भागे। सूचना मिलने पर पुलिस ने भैंसा घाट मार्ग पर घेराबंदी की, लेकिन आरोपी रास्ता बदलकर तिलगवा की ओर निकल गए।
ट्रैक्टर लगाकर रोका रास्ता
बता दें, ग्रामीणों ने आरोपियों को रोकने के लिए रास्ते में ट्रैक्टर लगा दिया। इसके बाद पिकअप सवार चार आरोपी वाहन छोड़कर एक ढाबे तक पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पिकअप से चोरी की गई दो भैंस भी बरामद की गईं। इसी दौरान आरोपियों ने पूरन यादव के हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के बाद मामले में पुलिस कार्रवाई की जा रही है।
भागते समय पुलिया से नीचे गिरी स्विफ्ट कार
जानकारी के अनुसार, पिकअप के साथ चल रही स्विफ्ट कार में सवार लोगों ने आगे पुलिस की घेराबंदी देखी तो वे वापस दोनी गांव की ओर भागने लगे। गांव में ग्रामीण पहले से ही उन्हें रोकने के लिए तैयार थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। कार सवार लोगों को भी ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इस पूरी कार्रवाई में कुल सात आरोपी पकड़े गए हैं।
जबलपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे आरोपी
पकड़े गए सात आरोपियों में से चार को सीग्रामपुर चौकी क्षेत्र में और तीन को तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में पकड़ा गया। सभी आरोपियों के जबलपुर जिले का निवासी होने की बात कही गई है। सीग्रामपुर से पकड़े गए आरोपियों को तेंदूखेड़ा थाने लाए जाने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने सभी आरोपियों से पूछताछ कर जांच शूरू की।


.jpg&w=3840&q=75)
