खजुराहो घूमने आए विदेशी मेहमानों ने पुलिस व्यवस्था को सराहा, बोले- यहां बेफिक्र होकर कर सकते हैं सैर
विश्व प्रसिद्ध खजुराहो घूमने आए विदेशी पर्यटकों ने यहां की सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता की सराहना की। थाना प्रभारी एनके सोलंकी ने उनसे बातचीत कर यात्रा का अनुभव जाना। पर्यटकों ने बताया कि पुलिस की सक्रियता और शांतिपूर्ण माहौल के कारण वे बिना किसी परेशानी के पर्यटन स्थलों पर घूम सके।


खजुराहो में विदेशी पर्यटकों से बातचीत करते थाना प्रभारी एनके सोलंकी।
Khajuraho Tourism: मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में विदेशी सैलानियों ने यहां के माहौल और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। शुक्रवार को खजुराहो थाना प्रभारी उप निरीक्षक एनके सोलंकी ने अलग-अलग देशों से आए पर्यटकों से मुलाकात कर उनके यात्रा अनुभव जाने। बातचीत के दौरान पर्यटकों ने शहर की साफ-सफाई, शांत वातावरण और पुलिस की मौजूदगी को सराहनीय बताया।
थाना प्रभारी ने पर्यटकों से सीधे जाना अनुभव
बता दें, खजुराहो थाना प्रभारी एनके सोलंकी ने पर्यटकों से मंदिर परिसर, प्रमुख सड़कों और दूसरे पर्यटन स्थलों पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बातचीत की। उन्होंने यह भी पूछा कि भ्रमण के दौरान किसी तरह की परेशानी तो नहीं हुई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनका अनुभव कैसा रहा। इस दौरान विदेशी मेहमानों ने अपनी-अपनी भाषाओं में पुलिस के साथ अनुभव साझा किए। उन्होंने खजुराहो की व्यवस्थाओं को लेकर संतुष्टि जताई।
साफ-सफाई और सुरक्षित माहौल ने जीता पर्यटकों का भरोसा
विदेशी पर्यटकों ने बताया कि खजुराहो में उन्हें स्वच्छ और शांत वातावरण मिला। पर्यटन स्थलों पर पुलिस की सक्रियता से सुरक्षा का भरोसा बना रहता है। उन्होंने स्थानीय लोगों के व्यवहार की भी सराहना की और कहा कि यहां आने वाले मेहमानों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाता है।
बोले- घूमने के दौरान नहीं हुई कोई परेशानी
साथ ही पर्यटकों ने कहा कि वे खजुराहो में बिना किसी डर या असुविधा के अलग-अलग स्थानों पर घूम सकते है। उनके मुताबिक, यहां का सकारात्मक माहौल यात्रा को सुखद बनाता है। भ्रमण के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
पर्यटकों की सुरक्षा पर पुलिस का जोर
वहीं, छतरपुर पुलिस की ओर से पर्यटन क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य देश और विदेश से आने वाले सैलानियों को ऐसा वातावरण देना है, जहां वे बिना किसी चिंता के ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों का आनंद ले सकें। पर्यटकों से बातचीत के जरिए पुलिस उनकी जरूरतों और अनुभवों को समझने के साथ व्यवस्थाओं का फीडबैक भी जुटा रही है।




