पन्ना में ऑटो चलाने वाले सोनू की खुली किस्मत, 15 दिन में मिला 3.17 कैरेट का बेशकीमती हीरा
पन्ना के ऑटो चालक सोनू रैकवार को रानीपुर क्षेत्र में खदान शुरू करने के महज 15 दिनों बाद 3.17 कैरेट का हीरा मिला है। इसकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है।

सोनू रैकवार, ऑटो चालक
Panna Diamond News: मध्य प्रदेश का पन्ना अपनी हीरे की खदानों के लिए मशहूर है। यहां जमीन के भीतर छिपा एक छोटा-सा रत्न किसी की भी आर्थिक स्थिति बदल सकता है। इस बार यह सौभाग्य ऑटो चलाकर परिवार का खर्च उठाने वाले सोनू रैकवार के हाथ लगा है। उन्होंने रानीपुर क्षेत्र में उथली खदान शुरू की थी और महज दो सप्ताह के भीतर उन्हें 3.17 कैरेट का हीरा मिल गया। इस हीरे की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है।
सपनों में दिख रहा था हीरा
सोनू रैकवार रोजाना ऑटो चलाकर अपने परिवार का गुजारा करते हैं। सोनू के मुताबिक, करीब 10 से 15 दिनों तक उन्हें रात में बार-बार हीरा मिलने के सपने आते रहे। सुबह उठने पर वह सोचते थे कि काश, उनका सपना हकीकत बन जाए। उन्होंने जब यह बात घरवालों को बताई, तो परिवार ने उन्हें पन्ना में हीरे की खदान शुरू करने का सुझाव दिया। अपनों की सलाह पर भरोसा करते हुए सोनू ने हीरा कार्यालय से खदान का पट्टा लिया और रानीपुर इलाके में पहली बार खुदाई का काम शुरू किया।
15 दिन की खुदाई में हाथ लगा 3.17 कैरेट का हीरा
बता दें, सोनू ने खदान में मेहनत शुरू की और कुछ ही दिनों में उनकी तलाश रंग ले आई। खुदाई के दौरान उन्हें 3.17 कैरेट का हीरा मिला। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। इस अप्रत्याशित सफलता से सोनू और उनके परिवार में उत्साह है। ऑटो चलाकर घर चलाने वाले सोनू के लिए यह खोज बड़ी आर्थिक उम्मीद लेकर आई है। उन्होंने मिले हीरे को नियमानुसार हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।
नीलामी से मिली रकम फिर खदान में लगाएंगे सोनू
सोनू का इरादा इस कामयाबी के बाद रुकने का नहीं है। उन्होंने बताया कि हीरे की नीलामी से जो रकम मिलेगी, उसका इस्तेमाल वह दोबारा खदान शुरू करने में करेंगे। वह आगे भी खुदाई जारी रखकर इससे बड़ा हीरा तलाशना चाहते हैं। हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार, सोनू को मिला हीरा जेम्स क्वालिटी का है और बाजार में इस श्रेणी के हीरों की अच्छी मांग रहती है। इसे आगामी नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा।
हीरा कार्यालय में जमा हुए 175 नग
पन्ना के हीरा कार्यालय में अलग-अलग खदानों से मिले हीरे जमा कराने का सिलसिला जारी है। हीरा पारखी अनुपम सिंह के मुताबिक, अब तक कार्यालय में कुल 175 नग हीरे जमा हो चुके हैं। इन सभी हीरों का कुल वजन 387.21 कैरेट बताया गया है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 1 लाख रुपये आंकी गई है। इन्हें आने वाली नीलामी में शामिल किया जाएगा, जहां खरीदार इनकी बोली लगा सकेंगे।
पन्ना को देशभर में हीरों की धरती के रूप में पहचान मिली हुई है। यहां कोई व्यक्ति लंबे समय तक तलाश करता रहता है, तो किसी को कम समय में ही बड़ी कामयाबी मिल जाती है। सोनू रैकवार की कहानी भी इसी उम्मीद की मिसाल बन गई है।


