पन्ना में कालिंजर मेला जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने रौंदा, एक युवक की मौत; तीन गंभीर रूप से घायल
पन्ना के धरमपुर थाना क्षेत्र में कालिंजर मेला जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय अनिल लोधी की मौत हो गई, जबकि दो नाबालिग बच्चियों समेत तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया।


सड़क हादसे में घायल श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाया गया।
Panna News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में कार्तिक पूर्णिमा पर कालिंजर मेला देखने जा रहे श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धरमपुर थाना क्षेत्र के इमिलिहा गांव के पास सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे लोगों और एक ऑटो को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में 22 वर्षीय अनिल लोध की जान चली गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
वाहन का इंतजार कर रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को कुछ लोग कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कालिंजर मेला जाने के लिए निकले थे। इमिलिहा गांव के पास सड़क किनारे खड़े होकर वे वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक वहां पहुंचा और श्रद्धालुओं के साथ खड़े ऑटो को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब 5 से 6 लोगों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
अस्पताल पहुंचने पर युवक को मृत घोषित किया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन और धरमपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को डायल 112 की मदद से अजयगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने लामी निवासी 22 वर्षीय अनिल लोधी, पिता घनश्याम लोधी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर चोटें आने के कारण तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया।

हादसे में दो नाबालिग बच्चियां भी घायल
बता दें, इस दुर्घटना में अंजलि राजपूत (14), मधु राजपूत (12) और कौशल्या राजपूत (40) घायल हुई हैं। अंजलि और मधु लामी नायगवां की रहने वाली हैं, जबकि कौशल्या लांबी की निवासी हैं। घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
बेटे की मौत से परिवार में पसरा मातम
मृतक के पिता घनश्याम ने बताया कि परिवार और गांव के कुछ लोग कालिंजर मेला जाने के लिए सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके बेटे की मौत हो गई, जबकि गांव की अंजलि को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
वहीं, हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। धरमपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार चालक की पहचान करने में जुटी है।


