मनीला के 125 साल पुराने गुरुद्वारे पहुंचे PM मोदी, पुनर्विकास परियोजना की रखी आधारशिला; कारसेवा में भी लिया हिस्सा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में 125 साल पुराने गुरुद्वारा खालसा दीवान में मत्था टेका। उन्होंने गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्यों की आधारशिला रखी और कारसेवा में हिस्सा लिया। इस दौरान फिलीपींस के नेता और सिख समुदाय के लोग भी मौजूद रहे।


PM मोदी मनीला के 125 साल पुराने खालसा दीवान गुरुद्वारे पहुंचे।
PM Modi in Manila: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान पहुंचकर मत्था टेका। करीब 125 साल पुराने इस गुरुद्वारे में उन्होंने पुनर्विकास परियोजना की आधारशिला रखी और कारसेवा में भी भाग लिया। इस दौरान सिख समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने गुरुद्वारे में पहुंचने को अपने लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक अनुभव बताया।
खालसा दीवान में मत्था टेका
बता दें, प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान पहुंचे। यहां उन्होंने संगत के बीच कुछ समय बिताया और गुरुद्वारे में चलने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने परिसर के पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के लिए आधारशिला रखी और कारसेवा भी की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर गुरुद्वारे की यात्रा की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि यहां आकर वह खुद को बेहद सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में फिलीपींस के सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो भी मौजूद रहे।
1901 में रखी गई थी गुरुद्वारे की नींव
जानकारी के अनुसार, मनीला का गुरुद्वारा खालसा दीवान फिलीपींस में सिख समुदाय की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसका इतिहास एक सदी से भी अधिक पुराना है। गुरुद्वारे की स्थापना 1901 में हुई थी। वर्ष 1903 में इसका औपचारिक गठन किया गया, जबकि 1924 में इसे खालसा दीवान के नाम से पंजीकृत कराया गया। यह फिलीपींस के सबसे पुराने गुरुद्वारे के रूप में जाना जाता है। धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ यह स्थान सांस्कृतिक और सामाजिक सेवा के कामों में भी सक्रिय भूमिका निभाता है। यहां सिख समुदाय के अलावा दूसरे समुदायों के लोग भी आते हैं। गुरुद्वारा भारतीय और फिलीपीनी समाज के बीच आपसी जुड़ाव का एक महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है।
आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर फिलीपींस पहुंचे हैं। इस दौरे के दौरान वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यात्रा को भारत की 'एक्ट ईस्ट नीति' और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में दोनों पक्षों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही वर्ष 2026 से 2030 तक के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।
सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूती देने का संदेश
गुरुद्वारा खालसा दीवान की यात्रा के जरिए प्रधानमंत्री ने विदेश में बसे भारतीय समुदाय के साथ जुड़ाव का संदेश दिया। यह गुरुद्वारा लंबे समय से मनीला में सिख समुदाय की धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। इसके पुनर्विकास से परिसर की सुविधाओं और विरासत को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।






