स्पेन ट्रेन हादसे पर फूटा लोगों का गुस्सा, मैड्रिड में प्रदर्शन; परिवहन मंत्री का मांगा इस्तीफा
स्पेन में दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 68 लोगों की मौत के बाद मैड्रिड में श्रद्धांजलि सभा के दौरान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। कुछ लोगों ने परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते के इस्तीफे की मांग की।

मैड्रिड में परिवहन मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन
Deadly Train Crash Sparks Public Anger: स्पेन में हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर के बाद देश में शोक और नाराजगी का माहौल है। हादसे में 68 लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद राजधानी मैड्रिड में पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के साथ सरकार से जवाब मांगने के लिए लोग जुटे। प्रदर्शनकारियों ने परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते के इस्तीफे की मांग की।
श्रद्धांजलि सभा में उठी जवाबदेही की मांग
बता दें, मैड्रिड में आयोजित मौन श्रद्धांजलि के दौरान कुछ लोगों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और रेल सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में परिवहन मंत्री के इस्तीफे की मांग वाले पोस्टर भी नजर आए। इस घटनाक्रम ने दुर्घटना की जिम्मेदारी और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर बहस तेज कर दी है।
तकनीकी गड़बड़ी के बाद ट्रेन को आगे बढ़ने की अनुमति
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब सरकारी रेल कंपनी Renfe की ट्रेन ने पटरी पर खड़ी Iryo ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। स्पेन के परिवहन मंत्री ने बताया कि कंप्यूटर संचार प्रणाली में खराबी के कारण सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इसके बाद नियंत्रण केंद्र से Renfe ट्रेन को दोबारा चलने की अनुमति दी गई, जबकि आगे लाल सिग्नल सक्रिय था। हालांकि, हादसे के सभी कारणों और जिम्मेदारी का अंतिम निर्धारण जांच पूरी होने के बाद ही होगा।
प्रधानमंत्री ने जांच का दिया भरोसा
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए व्यापक जांच कराने का भरोसा दिया है। सरकार ने हादसे के बाद तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा भी की। जांच में सुरक्षा व्यवस्था, नियंत्रण केंद्र के फैसलों और दुर्घटना से पहले हुई घटनाओं की पड़ताल की जाएगी।
इस साल स्पेन में यह दूसरा बड़ा जानलेवा रेल हादसा बताया जा रहा है। इससे रेलवे के रखरखाव, तकनीकी निगरानी और सुरक्षा प्रोटोकॉल पर नए सवाल खड़े हुए हैं।


.jpg&w=3840&q=75)


