Bageshwar Baba का करवा चौथ पर मजेदार बयान, बोले- 'खसम पूजन दिवस' रख दो नाम; वीडियो वायरल
बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का करवा चौथ पर दिया गया मजाकिया बयान चर्चा में है। करेरा में भक्त के सवाल पर उन्होंने इसे 'खसम पूजन दिवस' कह दिया। पति-पत्नी के रिश्ते पर उनकी चुटकी का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है।

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का करवा चौथ पर दिया गया मजाकिया बयान वायरल
Bageshwar Dham News: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपने बयानों और अनोखे अंदाज को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। इस बार करवा चौथ को लेकर उनकी एक टिप्पणी सुर्खियों में है। करेरा में भक्तों के साथ संवाद के दौरान एक श्रद्धालु ने अपनी नई शादी को लेकर सवाल पूछा, जिस पर बाबा ने हंसते हुए ऐसा जवाब दिया कि वहां मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे।
करवा चौथ पर भक्त ने पूछा सवाल
बता दें, कार्यक्रम के दौरान एक भक्त ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से पूछा कि उसकी नई-नई शादी हुई है, तो क्या उसकी पत्नी इस बार करवा चौथ का व्रत रख सकती है? सवाल सुनकर बाबा ने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में जवाब दिया।
उन्होंने करवा चौथ को नया नाम देते हुए कहा कि इसे 'खसम पूजन दिवस' भी कह सकते हैं। उनके इस कथन पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों की प्रतिक्रिया देखने लायक रही। अब इसी बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है।
व्रत के साथ संकल्प की भी बात कही
जिसेक बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने करवा चौथ के व्रत पर अपनी बात रखते हुए कहा कि व्रत रखना चाहिए और इसके साथ एक संकल्प भी होना चाहिए। उन्होंने बदलती जीवनशैली और पश्चिमी संस्कृति के संदर्भ में अपनी बात रखी।
हालांकि, उनकी टिप्पणी का बड़ा हिस्सा मजाकिया अंदाज में था। उन्होंने पति-पत्नी के रिश्ते पर चुटकी लेते हुए कहा कि केवल एक दिन व्रत रखने के बाद साल के बाकी दिनों में पतियों को शादी को लेकर ताने नहीं सुनाने चाहिए।
पति-पत्नी के रिश्ते पर भी ली चुटकी
साथ ही बाबा ने हंसी-मजाक में ऐसी स्थिति का जिक्र किया, जब पति-पत्नी के बीच बहस के दौरान पत्नी अपनी शादी को लेकर तंज कसती है। उन्होंने कहा कि करवा चौथ के दिन व्रत रखने के साथ रिश्ते में आपसी सम्मान और समझ भी जरूरी है। उनके इस अंदाज ने धार्मिक आयोजन को हल्के-फुल्के संवाद में बदल दिया। यही वजह है कि उनका बयान अब सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
बुंदेलखंड में 'खसम' शब्द का प्रचलन
जानकारी के अनुसार, बुंदेलखंड क्षेत्र की बोलचाल, लोकगीतों और कहावतों में पति के लिए 'खसम' शब्द का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान में इस स्थानीय शब्द का प्रयोग भी क्षेत्रीय भाषा और संस्कृति से जुड़ा हुआ है।


.jpg&w=3840&q=75)