गुलाब के पीछे छिपा शाहरुख का खतरनाक अंदाज, ‘किंग’ के नए पोस्टर ने बढ़ाई हलचल; इस दिन होगी रिलीज
शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर जारी हो गया है। गुलाब के साथ अभिनेता की तीखी निगाहें और गंभीर अंदाज चर्चा में हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी। फिल्म में सुहाना खान, दीपिका पादुकोण और कई बड़े सितारे भी नजर आएंगे।

शाहरुख की 'किंग' का नया लुक आया सामने
King Movie New Poster: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने अपनी अगली फिल्म ‘किंग’ को लेकर एक बार फिर फैंस का ध्यान खींच लिया है। फिल्म का नया पोस्टर सामने आया है, जिसमें अभिनेता का लुक पहले से अलग नजर आ रहा है। गुलाब, तीखी निगाहें और चेहरे पर गंभीर भाव उनके किरदार को रहस्यमयी बना रहे हैं। पोस्टर के साथ शाहरुख की लिखी लाइन ने भी लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
रोमांस के साथ दिखा खतरनाक तेवर
बता दें, नए पोस्टर में शाहरुख के होंठों के बीच गुलाब नजर आता है, लेकिन उनकी आंखों में नरमी के बजाय गुस्सा दिखाई देता है। यही विरोधाभासी अंदाज पोस्टर को खास बनाता है। अभिनेता ने इसे साझा करते हुए लिखा, “आज फिर याद आया... कातिल नहीं, आशिक हूं।” इस एक लाइन ने फिल्म के रोमांटिक और एक्शन से जुड़े पहलुओं को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
क्रिसमस के मौके पर रिलीज होगी फिल्म
सूत्रों के अनुसार, सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने मिलकर किया है। शाहरुख इस फिल्म में एक्शन से भरपूर भूमिका में दिखाई देंगे। ‘पठान’ के बाद सिद्धार्थ आनंद के साथ उनकी यह अगली फिल्म है। ऐसे में दोनों की जोड़ी से दर्शकों को एक बड़े सिनेमाई अनुभव की उम्मीद है।
सुहाना खान समेत कई सितारे आएंगे नजर
वहीं, फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी चर्चा में है। शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, अरशद वारसी और अभय वर्मा जैसे कलाकार दिखाई देंगे। फिल्म की कहानी एक मेंटर और उसके शिष्य के सफर पर आधारित बताई जा रही है। मुश्किल हालात के बीच आगे बढ़ते इन किरदारों की कहानी में संघर्ष और रिश्तों की अहम भूमिका होगी। सुहाना खान के लिए यह प्रोजेक्ट खास है, क्योंकि इससे वह बड़े पर्दे पर अपनी शुरुआत करेंगी।
टीजर में पहले ही मिल चुकी है एक्शन की झलक
हालांकि, ‘किंग’ का टीजर अप्रैल में जारी किया गया था। इसमें शाहरुख दमदार एक्शन करते नजर आए थे। टीजर में उनका संवाद ‘डर नहीं, दहशत हूं’ भी खूब चर्चा में रहा था। अब नए पोस्टर में उनके अलग अंदाज ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।



.jpg&w=3840&q=75)

