बांग्लादेश में खसरे का प्रकोप, स्वास्थ्य मंत्री का बड़ा बयान- 'मुझे फांसी दे दो', जानिए क्यों कही ये बात?
बांग्लादेश में खसरे के संक्रमण ने चिंता बढ़ा दी है। बीमारी से 1,284 से अधिक मौतें हुई हैं, जिनमें बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल हैं। बिगड़ते हालात के बीच स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन ने जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि उन्हें फांसी दे दी जाए।


बांग्लादेश में खसरा संकट
Bangladesh Measles Crisis: बांग्लादेश में खसरे के संक्रमण ने स्वास्थ्य सेवाओं के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। बीमारी के कारण हो रही मौतों ने पूरे देश में चिंता बढ़ा दी है। जिसमें अब तक 1,284 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। इस गंभीर स्थिति के बीच स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन का एक बयान चर्चा का विषय बन गया है। उन्होंने बच्चों की मौतों की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि उन्हें फांसी दे दी जाए।
पत्रकारों के सवाल पर मंत्री ने दिया भावुक जवाब
बता दें, ढाका में एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने स्वास्थ्य मंत्री से खसरे के कारण बच्चों की हो रही मौतों पर जवाब मांगा। सवालों के बीच मंत्री ने अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए कहा कि यह उनकी नाकामी है। उन्होंने कहा, 'मुझे फांसी दे दो, यह मेरी नाकामी है। मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की है।' हालांकि, उन्होंने इस स्थिति को पूरी सरकार की विफलता मानने से इनकार किया। उनका यह बयान सामने आने के बाद बांग्लादेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है।
खसरे की चपेट में सबसे ज्यादा छोटे बच्चे
बांग्लादेश में संक्रमण का सबसे गंभीर असर बच्चों पर देखने को मिल रहा है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, मृतकों में बड़ी संख्या मासूम बच्चों की है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि संक्रमित बच्चों में कई ऐसे थे, जिन्हें खसरे से बचाव का टीका नहीं लगा था। उन्होंने यह भी बताया कि छह महीने से कम उम्र के शिशु भी संक्रमण की चपेट में आए हैं। छोटे बच्चों की कमजोर प्रतिरोधक क्षमता के कारण बीमारी का खतरा और बढ़ जाता है।
भारत समेत कई देशों से पहुंची वैक्सीन
स्वास्थ्य मंत्री ने टीकों की उपलब्धता को लेकर भी अपनी बात रखी। उनके अनुसार, बांग्लादेश को जर्मनी, जापान, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, दक्षिण कोरिया और इंडोनेशिया जैसे देशों से खसरे की वैक्सीन मिली है। भारत की ओर से वैक्सीन आपूर्ति को लेकर सामने आए दावों पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। मंत्री ने बताया कि कुल वैक्सीन आपूर्ति में भारत की हिस्सेदारी लगभग 8 प्रतिशत रही है।
आखिर क्यों खतरनाक है खसरे का संक्रमण?
खसरा एक अत्यधिक संक्रामक वायरल बीमारी है। यह संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने और हवा में मौजूद वायरस के संपर्क में आने से फैल सकती है। शुरुआत में तेज बुखार, खांसी, नाक बहना और आंखों में लालिमा जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। इसके बाद शरीर पर लाल चकत्ते उभर सकते हैं। समय पर इलाज और देखभाल नहीं मिलने पर यह बीमारी निमोनिया, गंभीर डिहाइड्रेशन और मस्तिष्क में सूजन जैसी जटिलताएं पैदा कर सकती है। बच्चों में इसका खतरा अधिक रहता है। टीकाकरण इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।







