पंचकूला के स्कूल में 8 साल के छात्र ने 6 साल की बच्ची से की मारपीट, CCTV फुटेज से हुआ खुलासा
पंचकूला के निजी स्कूल में KG की छह साल की छात्रा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। करीब 96 सेकेंड की घटना CCTV में रिकॉर्ड हुई। बच्ची को PGI चंडीगढ़ रेफर किया गया। पुलिस जांच कर रही है और शिक्षा मंत्री ने कमेटी गठित की है।

पंचकूला में KG की बच्ची के साथ स्कूल में मारपीट
School Incident in Panchkula: हरियाणा के पंचकूला के एक निजी स्कूल में छह साल की KG छात्रा के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। जिसमें तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले आठ साल के छात्र ने क्लासरूम में बच्ची पर हमला किया। करीब 96 सेकेंड तक चली यह घटना स्कूल में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने स्कूल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं।
छुट्टी के बाद नहीं मिली बच्ची
परिजनों ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के बाद बच्ची घर नहीं पहुंची। उसे लेने आए ऑटो ड्राइवर को जब वह स्कूल में नहीं मिली तो उसने परिवार को सूचना दी। इसके बाद बच्ची के पिता और अन्य परिजन स्कूल पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की।
जिसके बाद आरोपी छात्र ने ही परिवार को उस जगह की जानकारी दी, जहां बच्ची पड़ी हुई थी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति देखते हुए चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया।
परिवार ने स्कूल में शिक्षकों की कमी का लगाया आरोप
बच्ची के चाचा के अनुसार, अब उसकी हालत में कुछ सुधार है, लेकिन परिवार इस घटना से परेशान है। उन्होंने स्कूल में शिक्षकों की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि दो से तीन कक्षाओं के बच्चों को एक ही कमरे में बैठाया जाता था। परिजनों का दावा है कि घटना के समय भी पर्याप्त शिक्षक मौजूद नहीं थे। इस आरोप की जांच होना बाकी है। मामले ने स्कूल में बच्चों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
96 सेकेंड की CCTV रिकॉर्डिंग में दिखी मारपीट
बता दें, क्लासरूम में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में KG की छात्रा पर तीसरी कक्षा के छात्र ने बेरहमी से हमला करते हुए दिखाई दे रहा है। छात्र ने पहले बच्ची का सिर बेंच पर मारा, फिर उसे 19 बार पैर से उसके चेहरे पर लात–घूसों से पीटा। साथ ही उसके बाल पकड़कर भी घसीटा। बाद में ईंट से 12 बार बच्ची के सिर पर हमला किया।
स्कूल प्रबंधन और छात्र के माता-पिता से पूछताछ
सूचना मिलने के बाद सेक्टर-20 थाना पुलिस स्कूल पहुंची। थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि पुलिस स्कूल प्रबंधन से घटना की जानकारी जुटा रही है। संबंधित छात्र के माता-पिता से भी पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और उस समय क्लासरूम में निगरानी की क्या व्यवस्था थी।
शिक्षा मंत्री ने बनाई जांच कमेटी
वहीं, हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि उन्होंने घटना का CCTV फुटेज देखा है। मामले की जांच के लिए मुख्यालय स्तर पर कमेटी गठित की गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। स्कूल प्रबंधन या स्टाफ की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कदम उठाए जाएंगे।



