थेनी जेल में सुरक्षा की बड़ी चूक! 17 कैदी फरार, 4 पकड़े गए; तलाश में जुटीं 17 पुलिस की टीमें
तमिलनाडु के थेनी सब-जेल से सोमवार देर रात 17 कैदी जेल कर्मचारियों पर हमला कर फरार हो गए। अब तक चार कैदी पकड़े गए हैं। तीन कर्मचारी घायल हुए, जबकि पुलिस ने 17 विशेष टीमें बनाकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

तमिलनाडु की थेनी जेल से 17 कैदी फरार हो गए।
Theni Jail Escape Incident: तमिलनाडु के थेनी जिले की सब-जेल में कैदियों के फरार होने की घटना से हड़कंप मच गया। सोमवार देर रात 17 कैदी जेल कर्मचारियों पर हमला कर भाग निकले। घटना के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। अब तक चार कैदियों को पकड़ा जा चुका है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।
बीमार होने का बहाना बनाकर बुलाया जेल स्टाफ
जानकारी के मुताबिक, सभी 17 कैदी एक ही सेल में बंद थे। देर रात जेल कर्मचारियों को बताया गया कि एक कैदी की तबीयत खराब हो गई है और उसे दौरे पड़ रहे हैं। मदद के लिए कर्मचारी सेल के अंदर पहुंचे, तभी कैदियों ने उन पर हमला कर दिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इस घटना में तीन जेल कर्मचारी घायल हुए हैं। इनमें ग्रेड-II पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में चोट आई है। उन्हें इलाज के लिए जी. विलक्कू सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य दो कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं।
फरार कैदियों की तलाश में 17 विशेष टीमें
बता दें, कैदियों के भागने के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया है। चार कैदियों को रात में ही पकड़ लिया गया, जबकि बाकी कैदियों की तलाश के लिए 17 विशेष टीमें बनाई गई हैं।
पुलिस ने आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 चेकपॉइंट बनाए गए हैं, जहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। मदुरै और डिंडीगुल के अलावा केरल के इडुक्की जिले की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। फरार कैदियों की तस्वीरें संबंधित पुलिस थानों के साथ साझा की गई हैं।
पहले भी हो चुकी है जेल से फरार होने की बड़ी घटना
हालांकि, तमिलनाडु में जेल से कैदियों के भागने की यह पहली बड़ी घटना नहीं है। साल 1995 में वेल्लोर के एक विशेष हिरासत शिविर से लिट्टे से जुड़े संदिग्धों समेत 43 लोग सुरंग बनाकर फरार हो गए थे। उस समय सुरंग की लंबाई करीब 153 फीट बताई गई थी।

-3.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)

