फ्लोरिडा में बिजनेस जेट हुआ क्रैश, 9 की मौत; पायलट ने आखिरी वक्त में दी थी ये चेतावनी
फ्लोरिडा में टेक्सास से बहामास जा रहा बिजनेस जेट रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे से पहले पायलट ने मौसम बिगड़ने और विमान के तेजी से नीचे आने की सूचना दी थी। करीब 600 लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।


फ्लोरिडा में बिजनेस जेट क्रैश होने से 9 लोगों की मौत।
Florida Business Jet Accident: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बिजनेस जेट हादसे का शिकार हो गया। टेक्सास से बहामास जा रहे इस विमान में 9 लोग सवार थे और किसी की जान नहीं बच सकी। दुर्घटना से पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को विमान की स्थिति बिगड़ने की जानकारी दी थी। इसके बाद विमान रिहायशी इलाके के नजदीक सड़क किनारे गिर गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर आग लग गई और बचाव दलों ने मोर्चा संभाला।
मौसम बिगड़ने पर पायलट ने मांगी थी ऊंचाई बढ़ाने की अनुमति
बता दें, हादसे से पहले पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग सामने आई है। इसमें पायलट ने बताया था कि इलाके में मौसम खराब हो रहा है। विमान पर बर्फ जमने और हवा में तेज झटके महसूस होने की बात भी कही गई।
पायलट ने विमान को अधिक ऊंचाई पर ले जाने की अनुमति मांगी थी। लेकिन कुछ समय बाद स्थिति और बिगड़ गई। विमान तेजी से नीचे आने लगा, जिसके बाद पायलट ने रेडियो पर ‘मेडे’ कॉल जारी की। विमानन में इस संदेश का इस्तेमाल बेहद गंभीर आपात स्थिति की जानकारी देने के लिए किया जाता है।
35 हजार फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे आया विमान
सूत्रों के मुताबिक, हादसे से पहले जेट लगभग 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। नीचे आते समय इसकी अधिकतम वर्टिकल डिसेंट रेट 30 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंच गई थी। यह आंकड़ा विमान के बेहद तेजी से नीचे आने की स्थिति को दर्शाता है।
अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि दुर्घटना दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट पर हुई। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति दुख जताया। विमान के गिरने के बाद स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं ने घटनास्थल पर कार्रवाई शुरू की।
एहतियात के तौर पर 600 लोगों को हटाया गया
वहीं, विमान रिहायशी क्षेत्र के पास गिरा था। ऐसे में किसी और तरह के खतरे से बचने के लिए प्रशासन ने आसपास रहने वाले करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। प्रभावित लोगों के ठहरने के लिए दो अस्थायी शेल्टर भी तैयार किए गए। हादसे वाली जगह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मार-ए-लागो आवास से लगभग 14 किलोमीटर दूर है।
2004 में बना था दुर्घटनाग्रस्त जेट
दुर्घटनाग्रस्त बिजनेस जेट का निर्माण वर्ष 2004 में हुआ था। यानी हादसे के समय विमान करीब 22 साल पुराना था। घटना के वक्त फ्लोरिडा के इस इलाके में तेज बारिश, गरज-चमक और तूफानी मौसम की स्थिति थी। हालांकि, खराब मौसम को दुर्घटना की वजह मानने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
FAA और NTSB जुटाएंगे हादसे की वजह
अमेरिका की फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने जांच में मदद के लिए अपनी टीम भेजने की बात कही है। यह टीम नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ मिलकर दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करेगी।
जांच के दौरान विमान के तकनीकी रिकॉर्ड, मौसम से जुड़े आंकड़ों, पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच हुई बातचीत तथा घटनास्थल से मिले सबूतों का विश्लेषण किया जाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि विमान दुर्घटनाग्रस्त क्यों हुआ। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।


